आबूलेन पर यह रहेगी व्यवस्था
प्रशासन के अनुसार आबूलेन पर बेगमपुल से शिव चौक सदर तक राजमहल होटल की तरफ की बायीं पटरी की दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को खुलेंगी जबकि सरदारजी मोबाइल की साइड यानी दायीं पटरी की दुकानें बुधवार, शुक्रवार और रविवार को खुलेंगी। डीएम के अनुसार बायीं पटरी की दुकानें खुलने पर पार्किंग दायीं पटरी और दायीं पटरी की दुकानें खुलने पर पार्किंग बायीं पटरी की तरफ होगी।
व्यापारियों पर रहेगी पूरी जिम्मेदारी
बफर व ग्रीन जोन में बाजार तो खुल रहे हैं। लेकिन इसमें पूरी जिम्मेदारी व्यापारियों पर होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन मिला तो तत्काल कार्रवाई होगी। यदि कोरोना संक्रमित केस मिलता है तो उसके 250 मीटर का दायरा तत्काल सील कर दिया जाएगा इसलिए व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर पूरी तरह सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही मास्क और सैनिटाइजर आदि का प्रयोग कराएं।
इन बाजारों को भी खोलने के दिए आदेश
रेलवे रोड थाना क्षेत्र में रेलवे सिटी स्टेशन, बागपत रोड की दुकान, मेट्रो प्लाजा और मेरठ मॉल खुलेंगे। वहीं, अन्य सभी बंद रहेंगे। इसके साथ ही ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में शारदा रोड, माधवपुरम मार्केट, टीपी नगर क्षेत्र में बागपत रोड, दिल्ली रोड के मार्केट खुलेंगे। इन सभी बाजारों में भी दायीं और बायीं पटरी का नियम लागू किया गया है। लेकिन इन्हीं थाना क्षेत्रों में बाकी बाजार अभी बंद रहेंगेे।
सेंट्रल मार्केट व सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट पर नहीं हुआ विचार
सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट सहित सेंट्रल मार्केट अभी भी बंदी में फंसे हैं। यहां के व्यापारियों का कहना है कि यदि नियमानुसार देखा जाए तो वह बफर नहीं बल्कि पूरी तरह ग्रीन जोन में है। लेकिन प्रशासन उनकी तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।