स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय में 1857 की गौरवगाथा को दर्शाती पांच गैलरी का शुभारंभ किया
- फोटो : अमर उजाला
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मेरठ क्रांति पर्व मना रहा है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने शहीद स्मारक स्थित राजकीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय में 1857 की गौरवगाथा को दर्शाती पांच गैलरी का शुभारंभ किया। क्रांतिकारियों से जुड़े 21 स्थलों को जोड़ने वाले 4.1 किलोमीटर लंबे क्रांति पथ का शिलान्यास किया।
शहीद स्मारक में स्वाभिमान, स्वराज, संघर्ष, संग्राम और संकल्प गैलरी बनाकर यहां तस्वीरों में इतिहास को संजोया गया है। मेरठ में 1857 का सैनिक विद्रोह और इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गांवों में बिखरी क्रांतिगाथाओं को यहां तस्वीरों में सहेजा गया है।
पांचली घाट, बागपत में किसानों द्वारा नावों के पुल का विध्वंस, मुजफ्फरनगर, शामली, अकलपुरा और सरधना की लड़ाई भी यहां दिखाई गई है। इस अवसर पर ऐतिहासिक विक्टोरिया पार्क में केरल के लोकनृत्य, पंजाब के गतका और कौरवी में गाई देशभक्ति की रागनियों ने क्रांति की स्मृतियां ताजा कर दीं।
कार्यक्रम में इतिहासविद् केडी शर्मा की पुस्तक सिंहावलोकन: गदर से गणतंत्र तक व सरदार पटेल इन बारदोली मूवमेंट का विमोचन भी किया गया। वीर नारियों का सम्मान भी हुआ। राज्यसभा सदस्य विजयपाल सिंह तोमर, कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह जिलाधिकारी के. बालाजी आदि मौजूद रहे।