मौसम में उतार चढ़ाव के बीच गर्मी के तेवर कम नहीं हुए हैं। दिनभर उमस के कारण लोग परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 19 अगस्त से फिर से एक सिस्टम बन रहा है, जिसका असर पश्चिम यूपी और आसपास के प्रदेशों में भी दिखाई देगा। जिससे फिर अच्छी बारिश के आसार हैं।
दो दिन पहले हुई बारिश के बीच थोड़ी राहत देने के बाद फिर से गर्मी के तेवर बदलते जा रहे हैं। तापमान भी सामान्य से ऊपर है और दिन में उमस भी कम नहीं हो रही। शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज सुबह से ही बदला-बदला हुआ था। सुबह से लेकर दोपहर तक तेज उमस और गर्मी थी, इसके बाद थोड़ा मौसम बदला तो आसमान पर काले बादल भी आ गए, जिससे लगा कि बारिश होगी, लेकिन बदरा बिना बरसे ही चले गए। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 80 और न्यूनतम 63 प्रतिशत दर्ज की गई। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 19 अगस्त से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है। इससे मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में बारिश होगी। इसका असर पश्चिम यूपी में भी दिखेगा। यहां पर भी 21 और 22 अगस्त को मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अभी दो दिन उमस का असर बना रहेगा।