डर के मारे घर छोड़कर आश्रम में रहने को मजबूर
सरधना। नगर के टायर व्यापारी ललित गुप्ता ने अपनी ही पत्नी और पुत्रों पर जबरन संपत्ति अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। व्यापारी का कहना है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। खुद को असुरक्षित बताते हुए वह घर छोड़कर एक आश्रम में रहने के लिए मजबूर है। पीड़ित ने थाना सरधना में तहरीर देकर पुलिस से सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला मंडी चमारान निवासी ललित कुमार गुप्ता ने बताया कि वह बिनौली रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट टायर शोरूम के मालिक है। बताया कि उसके दो बेटे और पत्नी लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं कि वह अपनी चल-अचल संपत्ति उनके नाम कर दे। ललित के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे वह अपने शोरूम पर बैठे थे, तभी उनकी पत्नी और दोनों बेटे वहां पहुंचे। तीनों ने उनसे जबरन तहसील चलने के लिए कहा, जहां वह उसकी संपत्ति अपने नाम कराना चाहते थे।
ललित ने बताया कि जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और हत्या की धमकी भी दी गई। इसके बाद से वह डर के चलते नंगली स्थित एक आश्रम में रहने लगे हैं। उन्होंने बुधवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग करते हुए पत्नी व पुत्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।