संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भिजवाया। मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ क्षेत्र के गांव चित्तौड़ा निवासी प्रवीन और विकास बाइक से गाजियाबाद की ओर जा रहे थे। वह सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव के पास पहुंचे तो उनकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को सीएचसी सरधना पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया। बताया गया कि दोनों के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, हादसे के बाद एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम ने बताया कि एंबुलेंस सेवा को लेकर मिल रही शिकायतों की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।