मंडावली/नजीबाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बाइकों के बीच टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मंडावली थाना क्षेत्र के गांव करौली के निकट दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। भीषण टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव करौली निवासी राजू की सूचना पर मंडावली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दोनों शवों और घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर ले जाया गया। यहां मृतकों की पहचान ऋषिकेश के चंदेश्वर नगर निवासी रामसेवक के पुत्र सुनील कुमार (22) एवं ज्वालापुर के आर्य नगर निवासी रामपाल सिंह के पुत्र रामभजन (22) के रूप में हुई। घायल ऋषिकेश के शीशमझाड़ी निवासी रामपाल गोस्वामी के पुत्र विपिन को उपचार दिलाया गया। घायल विपिन ने बताया कि वह और सुनील बाइक यूके 08एएन 2110 से नगीना से वापस ऋषिकेश लौट रहे थे। तभी सामने से आई बाइक यूके 14सी 2147 उनसे तेजी से टकरा गई। मृतक सुनील के साले राजू ने मंडावली पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। रक्षाबंधन पर्व पर दो घरों के दो चिराग बुझने की घटना से हर कोई स्तब्ध था।
सड़क दुर्घटनाओं में छह घायल
स्योहारा। धामपुर से स्योहारा आ रही गांव रैनी निवासी ममता गांव झिल्ला के पास सड़क पर गिरकर घायल हो गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दूसरी घटना में बाइक की आमने सामने की टक्कर में अजय और शिवम घायल हो गए। हादसा सहसपुर और मकसूदपुर के बीच हुआ। दोनों ही गांव बेरखा के रहने वाले हैं। गंभीर घायल अजय को हायर सेंटर भेज दिया गया है। तीसरे हादसे में बेरखा से स्योहारा आ रहे सतवीर, बलराज, भपेंद्र बाइक के फिसल जाने से घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।
बाइक सवार की गई जान
हादसे में कई लोग घायल
अफजलगढ़। हाईवे पर कार व दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य हादसों में बाइक सवार दंपति सहित तीन घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आसफाबाद चमन निवासी जयराम सिंह पुत्र केवल सिंह, राजेश पुत्र बाबूराम व राकेश पुत्रचंद्रपाल अलियारपुर दो अलग-अलग बाइकों से अफजलगढ़ से गांव जा रहे थे। जैसे ही वह सीओ कार्यालय के सामने पहुंचे अचानक सामने से आ रही आईटेन कार से उनकी टक्कर हो गई। दोनों बाइकें कार से टकराने के बाद हाईवे पर गिर गई। हादसे में आसफाबाद चमन निवासी जयराम (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश व राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, रविवार शाम गांव भज्जावाला निवासी कैलाश बाइक से भज्जावाला आ रहा था। उसकी एक अन्य बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में कैलाश घायल हो गया। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे भी हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं शेरकोट के गांव नसीरदीवाला निवासी चंद्रभान सिंह अपनी पत्नी के साथ बाइक से काशीपुर से अपने घर आ रहा था। गांव मौहम्मदपुर राजौरी के समीप पहुंचा तो अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में चंद्रभान और उसकी पत्नी दोनों घायल हो गए। राहगीरों ने भर्ती कराया गया, जहां से चंद्रभान को गंभीर अवस्था के चलते हायर सेंटर भेजा गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/