- एडीजी से शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के एक मोहल्ला एक ही परिवार के तीन भाइयों के खिलाफ दो महिलाओं ने अलग-अलग शिकायतें देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों महिलाओं ने आरोप लगाया कि आरोपी आए दिन अभद्रता करते हैं और मौका मिलने पर घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट करते हैं। एक महिला ने घर में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया है। थाना पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए दोनों ने एडीजी मेरठ जोन से शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने एडीजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि मोहल्ले में रहने वाले तीन युवक परिवार की महिलाओं पर गलत नजर रखते हैं और अश्लील हरकतें करते हैं। सात सितंबर को बिजली के तार जोड़ने को लेकर विवाद हुआ। महिला का आरोप है कि तीनों ने उसके और पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए परिवार के साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। नौ सितंबर की रात तीनों युवक जबरन उसके घर में घुस आए और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसी मोहल्ले की दूसरी महिला ने भी एडीजी को शिकायत देकर एक युवक पर घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, सात सितंबर की शाम वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर वह भाग गया। कुछ देर बाद व अपने भाइयों के साथ दोबारा घर में आया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज की और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सास के साथ मारपीट की। घर में तोड़फोड़ करने और शिकायत करने पर मोहल्ले से भगाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।