संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। रोहटा-अमानुल्लापुर संपर्क मार्ग के किनारे सिंचाई विभाग द्वारा माइनर की सफाई के बाद निकाली गई सिल्ट सड़क पर फैलने से राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों में सिल्ट पर फिसलकर कई दोपहिया वाहन चालक घायल हो चुके हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की चेतावनी दी है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले सिंचाई विभाग ने रोहटा-अमानुल्लापुर-ढड़रा मार्ग स्थित माइनर की सफाई कराई थी। सफाई के दौरान निकाली गई सिल्ट को जेसीबी की मदद से सड़क किनारे पटरी पर डाल दिया गया। हाल की बारिश के बाद यही सिल्ट बहकर सड़क पर फैल गई, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि सिल्ट के कारण कई दोपहिया वाहन चालक संतुलन खोकर गिरकर घायल हो चुके हैं। आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद सिंचाई विभाग सड़क पर फैली सिल्ट हटाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। मनोज कुमार ने बताया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।
इस दौरान श्रीपाल सिंह, बॉबी उर्फ मृदुल कुमार, सुरेंद्र कुमार, ऋषि कुमार, मनोज कुमार, सोनू शर्मा, सुल्तान सिंह, विकास कुमार और जय भगवान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।