मेरठ। बच्चा पार्क पर सोमवार को दो व्यापारियों में मारपीट और फायरिंग हो गई। इसकी जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अनिल राघव और वरुण मलिक की गंगा प्लाजा में दुकानें हैं। दोनों व्यापारियों में विवाद है। इनमें कहासुनी हो गई तो लोगों ने शांत कर दिया। इसके बाद दोनों व्यापारी बच्चा पार्क पर भिड़ गए। आरोप है कि एक पक्ष में फायरिंग कर दी। दोनों पक्षों में तनातनी की जानकारी पाकर सदर बाजार, कोतवाली, लालकुर्ती और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल सदर बाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर ले ली है। वहीं, एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि अनिल राघव व्यापारी नेता भी हैं। व्यापार मंडल के चुनाव को लेकर दोनों व्यापारियों में विवाद बताया जा रहा है। इसके चलते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।