सरधना। थाना क्षेत्र के गांव कालंद में चाऊमीन खा रहे दो छात्रों पर तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। लोहे के पंच से वार करने से सिर व आंख पर चोट लगने से एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बीचबचाव के लिए लोग आए तो आरोपी भाग गए। घायल अवस्था में थाने पहुंचे छात्रों का पुलिस ने सीएचसी में मेडिकल कराया। पीड़ितों ने नामजद तहरीर दी है।
गांव नवादा निवासी राज पुत्र प्रवीण ने बताया कि वह गांव कालंद स्थित काॅलेज का कक्षा 12वीं का छात्र है। वह अपने साथी आर्यन पुत्र ओंकार के साथ कालंद गांव में चाऊमीन खाने आया था। अभी दोनों चाऊमीन खा ही रहे थे कि अचानक वहां आए तीन युवकों ने उन पर पीछे से जानलेवा हमला कर दिया। लोहे के पंच व कड़े से ताबड़तोड़ वार किए गए। नीचे गिराकर दोनों को बेरहमी से पीटा। आसपास मौजूद लोग उन्हें बचाने पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर वहां से भाग गए। घायल अवस्था में दोनों पीड़ित थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में मेडिकल कराया और तहरीर के आधार पर जांच में जुट गई।