रिटायर्ड नेवी अधिकारी के घर से एक लाख रुपये ले गए
मेरठ। शहर के पाश इलाके शास्त्रीनगर में रिटायर्ड नेवी के अधिकारी और उनकी पत्नी को चकमा देकर दो बदमाशों ने घर से एक लाख रुपये उड़ा लिए। घर पर रखी अलमारी की चाबी गुम हो गई थी। इसकी डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए गली-मोहल्ले में घूमते बदमाशों को दंपती ने बुलाया था। महिला धूप में बैठी थी और रिटायर्ड अधिकारी उनके लिए पानी लेने गए थे। तभी अलमारी से बदमाशों ने एक लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद अलमारी से पैसा गायब देखने के बाद पीड़ित दंपती ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
नौचंदी थानाक्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-6 निवासी वेदराम सिंह नेवी से रिटायर्ड अधिकारी हैं। मंगलवार को वेदराम की पत्नी शांति ने घर में रखी अलमारी में डुप्लीकेट चाबी बनवाने के लिए दो लोगों को बुलाया। शांति धूप में बैठ गई। चाबी बनाते समय दोनों युवकों ने वेदराम से पानी मांगा। वह पानी लेने के लिये गए। इसी दौरान दोनों युवकों ने अलमारी से एक लाख रुपये निकाल लिये और वहां से चले गए। बाद में शांति ने अलमारी को देखा, इसमें एक लाख रुपये गायब देखकर दंग रह गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें दोनों आरोपी दिखाई दिए हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
--
घर में आए अनजान तो हो जाएं सावधान
काफी संख्या में ऐसे बुुजुर्ग दंपती हैं, जिनकी संतानें उनके साथ नहीं है। वह अकेले ही घरों में रहते हैं। पॉश इलाकों में अधिकांश घर ऐसे हैं। ऐसे में यदि अनजान लोग घर में आएं तो सावधान रहें। ऐसे अनजान लोग इनके साथ ठगी, लूट और घटना का विरोध करने पर जानलेवा हमला तक कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि अगर अकेले बुजुर्ग घर में हों तो किसी अनजान व्यक्ति को घर में ना बुलाएं। कोई परेशानी है तो स्थानीय पुलिस को बता दें। उनकी मदद होगी।