अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
मवाना/दौराला। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
गांव नंगला खेप्पड़ निवासी नानक चंद (35) पुत्र राजेंद्र सिंह हाल में मवाना में रह रहा था। शुक्रवार देर रात वह अपनी ससुराल गांव सतीना से पैदल मवाना लौट रहा था। वह मवाना-परीक्षितगढ़ मार्ग पर पहुंचा तो अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी चार बेटियां हैं।
वहीं, सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव निवासी नवीन (35) शनिवार को स्कूटी पर मेरठ जा रहा था। दशरथपुर गांव के सामने पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने नवीन की स्कूटी में टक्कर मार दी। जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शनाख्त कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में मौत की सूचना से मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दिवाली पर्व पर खुशी का माहौल गम में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने रविवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।