मेरठ से सटे सरधना में शनिवार को नाली निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर पथराव व फायरिंग हुई। फायरिंग में दो लोगों को गोली लगी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार सरधना थानाक्षेत्र के समसपुर सुरानी गांव में शनिवार को सुबह के समय वर्तमान प्रधान तेजवीर उर्फ बबलू के द्वारा नाली निर्माण कराया जा रहा था। इसी बीच पूर्व प्रधान अशोक पक्ष के द्वारा विरोध किया गया तो दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया।
दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौज से लेकर मारपीट पर उतर आए। इसी बीच वर्तमान प्रधान पक्ष ने फायरिंग कर दी जिसमें पूर्व प्रधान पक्ष से अशोक वह उसका लड़का संदीप घायल हो गए जबकि वर्तमान प्रधान पक्ष से तेजवीर का भतीजा दीपांशु घायल हुआ है।
संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में घायलों को उपचार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वर्तमान प्रधान की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। सीओ आरपी शाही का कहना है कि साथ ही मामले की जांच कराई जा रही है।