संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय ने जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही, अनुशासनहीनता और क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में वेदव्यास पुरी चौकी प्रभारी विस्मिता चौधरी, आंबेडकर चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार व सरधना थाने के सिपाही दीपक कसाना को निलंबित कर दिया गया है। इस साथ ही इन सभी विभागीय जांच भी बैठा दी है।
एसएसपी ने बताया कि टीपी नगर थाना क्षेत्र की वेदव्यास पुरी चौकी प्रभारी विस्मिता चौधरी पर आरोप था कि उनके क्षेत्र में अवैध गतिविधियां लगातार संचालित हो रही थीं, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कंकरखेड़ा क्षेत्र की आंबेडकर चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार पर गंभीर आरोप लगे हैं। बताया गया कि उन्होंने शराब के नशे में फोन पर अभद्रता की थी। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने तीन दिन पहले दरोगा की लापरवाही को लेकर एसएसपी से शिकायत की थी। इसके अलावा सरधना थाना क्षेत्र में तैनात सिपाही दीपक कसाना पर भी संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप लगे हैं। तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।