दिन में टेंपो चलाकर एटीएम की करते थे रेकी, रात में लूट की वारदात को अंजाम देते थे
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दौराला-सरधना मार्ग स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को उखाड़कर लूटने का प्रयास कर रहे चार बदमाशों में से पुलिस ने रविवार देर रात दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एटीएम उखाड़ने में इस्तेमाल होने वाले पेचकस, प्लास, कटर समेत अन्य औजार और .32 बोर का कारतूस बरामद हुआ है।
घटना रविवार रात करीब दो बजे की है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पावली खास निवासी विनीत और श्रद्धापुरी निवासी आलोक के रूप में हुई है। वहीं, नंगला दौराला निवासी करण और शादाब पुलिस पर फायरिंग कर भाग गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सीओ के अनुसार, दौराला थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि चार युवक एक्सिस बैंक के एटीएम को उखाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर चारों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भाग निकले, जबकि विनीत और आलोक को मौके से पकड़ लिया गया। आरोपी एटीएम का सुरक्षा कोड नहीं जानने के कारण अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि करीब तीन दिन पहले भी उनके गिरोह ने कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक एटीएम उखाड़कर लूटने का प्रयास किया था, लेकिन तब भी सफलता नहीं मिली थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन में मोदीपुरम से सुभारती तक टेंपो चलाते थे और इसी दौरान रास्ते में पड़ने वाले एटीएम की रेकी करते थे। रात होने पर गिरोह के सदस्य एटीएम उखाड़कर लूटने की कोशिश करते थे। आरोपियों ने बताया कि टेंपो चलाने से पर्याप्त आमदनी नहीं हो रही थी, इसलिए जल्दी पैसा कमाने के लालच में उन्होंने यह रास्ता अपनाया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के लिए कंकरखेड़ा पुलिस भी दौराला थाने पहुंची। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सीओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। भागने वाले दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।