तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद, छात्रों को बेचना चाहते थे, एक तमंचा राहगीर को बेच चुके थे
एक साल पहले लिसाढी गेट क्षेत्र से साढे तीन हजार में खरीदे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। थाना पुलिस ने मंगलवार शाम बागपत बाईपास के निकट एक कॉलेज के पीछे वाली गली से दो बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने 3 तमंचे (315 बोर) तीन कारतूस और हथियारों की बिक्री से कमाए गए पांच हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी कॉलेज के छात्रों और राहगीरों को हथियार बेचने की कोशिश में थे।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बागपत बाईपास के निकट कॉलेज के पीछे वाली गली में कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के इरादे से इकट्ठा हो रहे हैं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम जुबेर और आदिल निवासी खड़ौली थाना कंकरखेड़ा बताया। तलाशी में उनसे 315 बोर के तीन तमंचे और तीन कारतूस मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने लिसाड़ी गेट इलाके में एक राहगीर को 35सौ रुपये प्रति तमंचे के हिसाब से चार तमंचे खरीदे थे। वे इन्हें कॉलेज के छात्रों और अन्य राहगीरों को पांच हजार रुपये प्रति तमंचे के हिसाब से बेचकर मुनाफा कमाना चाहते थे। गिरफ्तार आरोपी युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे पकड़े जाने से पहले ही एक तमंचा किसी राहगीर को पांच हजार रुपये में बेच चुके थे। उसे बेचकर मिले पांच हजार रुपए बरामद कर लिए हैं।