आजाद नगर में दो लाइनमैन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, हंगामा
मेरठ। कोतवाली क्षेत्र में बिजली चोरी का विरोध करने पर बृहस्पतिवार को दो लाइनमैन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हत्या करने की नीयत उनपर फायरिंग भी की गई। इस पर वे जान बचाकर भागे। जानकारी पाकर पुलिस भी पहुंच र्गई। वहीं, आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया।
कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर परिसर में विद्युत निगम की टीम वसूली के लिए गई थी। टीम में उपखंड अधिकारी लिसाड़ी गेट अतुल सिंघल, अवर अभियंता प्रवीण कुमार, दो लाइनमैन ओमप्रकाश, एवं इंतजार अली शामिल रहे। आरोप है कि आजाद नगर परिसर स्थित पोल की लाइन पर कटिया डालकर शाहिद नामक व्यक्ति बिजली चोरी कर रहा था। लाइनमैन ओमप्रकाश और इंतजार अली जांच करने के लिए मकान पर पहुंचे और ऐतराज जताया।
आरोप है कि इसी दौरान शाहिद और उसके परिवार की महिलाओं ने दोनों लाइनमैन पर जानलेवा हमला कर दिया। इसी दौरान शाहनवाज और राजा नामक दो व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने पहले लाइनमैनों को पीटा और फिर उन पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। इस घटना के बाद विद्युत निगम टीम वहां से भाग निकली और जैसे तैसे जान बचाई। वारदात की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों लाइनमैन को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उपखंड अधिकारी अतुल सिंघल ने शाहिद, शाहनवाज, राजा और पांच महिलाओं समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। उधर, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना कि आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।