जानी खुर्द (मेरठ)। मेरठ-बागपत हाईवे पर बुधवार रात 8:00 बजे बाफर रजबहे के पास स्विफ्ट कार और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बागपत जनपद के सिंघावली अहीर गांव निवासी नीरज अपना टेंपो लेकर मेरठ की तरफ जा रहा था। वह बाफर रजबहे के पास पहुंचा तो सामने से आ रही स्विफ्ट कार ने उसके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में टेंपो चालक नीरज और कार सवार रजत शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के बीच से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।