सांपों की दहशत में जी रहे ग्रामीण
नजीबाबाद के गांव बाजोपुर के ग्रामीणों में सांपों की दहशत में जी रहे है। जून माह में ही यहां सर्पदंश से दो की मौत हो चुकी है जबकि रविवार को ही महिला समेत चार अन्य को सांप ने डस लिया। उनका इलाज कराया जा रहा है। गांव वालों ने सपेरे को बुलाकर एक सांप को पकड़वाया, लेकिन सर्पदंश की घटनाएं लगातार जारी हैं। ग्राम प्रधान ने वन विभाग के अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
कोतवाली मार्ग स्थित ग्राम बाजोपुर में सात जून को सांप के डंसने से राजीव (25) की मौत हो गई थी। 17 जून को गांव के ही विकास (14) को भी सांप ने डस लिया। उसकी भी मौत हो गई। परिजनों ने दोनों के शवों को पानी में बहा दिया। इन मौतों को परिजन और गांव वाले भूले भी नहीं थे कि रविवार की शाम सांपों ने गांव में अलग-अलग जगहों पर तीन महिलाओं और एक युवक को डस लिया। इनमें अफसाना (35), नीतू (30), शाकिर (25) और सर्पदंश से मरे राजीव की मां को भी डस लिया। इनका इलाज कराया जा रहा है। ग्राम प्रधान खुशनूदा ने बताया कि गांव के लोगों में सर्पदंश की घटनाओं को लेकर दहशत है। गांव में दो की मौत होने के बाद एक सपेरे को बुलवाकर एक सांप को पकड़वा गया। मगर, लगातार सर्पदंश की घटनाएं जारी है। हालात यह है कि ग्रामीण खेतों पर जाने से भी डरने लगे है। ग्राम प्रधान ने वनकर्मियों को सूचना देकर सांपों को पकड़वाने की मांग की।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/