ऊपर जिसका अंत नहीं, उसे आसमां कहते हैं और धरती पर जिसके प्यार का अंत नहीं, उसको मां कहते हैं। मां के प्यार को बयां करने के लिए उक्त दो लाइनें काफी है, लेकिन मंगलवार को मां की ममता उस समय शर्मसार हो गई जब मेरठ के माछरा में एक खेत से दो दिन की मासूम रोते-बिलखते मिली।
रास्ते से गुजर रहे रिक्शा चालक के कानों में मासूम के रोने की आवाज पहुंची तो उसने बच्ची को उठाकर सीएचसी में भर्ती कराया। मासूम अब स्वस्थ है। चिकित्सक ने चाइल्ड हेल्पलाइन को फोन पर सूचना दी।
माछरा के एक ईख के खेत में मंगलवार को दो दिन की मासूम बच्ची कपड़े में लिपटी हुई मिली। शाम करीब चार बजे उधर से गुजर रहे एक रिक्शाचालक ने मासूम के रोने की आवाज सुनी तो उसने उसे उठा लिया।
यह भी पढ़ें: RLD Panchayat: चौधरी जयंत ने ली चुटकी, बोले- इनके चक्कर में कुंवारे रह जाओगे, 'अग्निपथ' को लेकर कही बड़ी बात
रिक्शाचालक ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कीचड़ भी लगी थी। वह भूख से बिलख रही थी। रिक्शा चालक ने बच्ची को अपनी गोद में उठाया और उसे नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया।
चिकित्सक डॉ. मनीष ने तुरंत चाइल्डलाइन हेल्पनंबर पर लावारिस बच्ची मिलने की सूचना दी। चाइल्डलाइन निदेशिका अनीता राणा ने बताया कि बच्ची के बारे में पुलिस को जानकारी दी गई है जिसके बाद किठौर थाने में जीडी एंट्री कर ऑफिस लाया गया है। बच्ची की देखभाल की जा रही है।
इस नंबर पर दें सूचना
बच्ची के परिजन की जानकारी होने पर चाइल्डलाइन नंबर 1098, 01214302021, 9412706850 पर संपर्क करें।