- पुलिस ने एक पक्ष की ओर से 15 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, तीन का चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। कस्बा के मोहल्ला बड़बालियान में बच्चों के आपस के झगड़े के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार चले। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए भिजवाया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 15 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में मौके से गिरफ्तार तीन लोगों को शांति भंग में चालान किया है।
कस्बा के मोहल्ला बड़बालियान निवासी आस मौहम्मद उर्फ आसू ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि रविवार दोपहर को बच्चों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसके बाद कस्बे ही आरोपी लोग हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर गाली गलौज करते हुए उसके घर में घुस आए और हमला कर दिया। उसका भाई जोवद और भतीजा रिफाकत गंभीर घायल हो गए। शोर शराबा की आवाज सुनकर लोग मौके की ओर दौड़े और उनको बचाया तो सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
इस मामले में पीड़ित की ओर से कस्बे के ही महबूब, इंतजार, आकिल, सलीम, आजाद, शानू, शाहरुख, नूर मोहम्मद, राशिद, शेरू, समीर, आकिब तथा फैसल को नामजद तथा दो-तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस ने एक ओर से जानू और दूसरी ओर से शेर मोहम्मद तथा नूर मोहम्मद को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान किया है।
दुबई से सोशल मीडिया पर धमकी का वीडियो वायरल
दोनों पक्षों के झगड़े के बाद दुबई में रह रहे एक पक्ष के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो डालते हुए कह रहा है कि बुनियाद का जिसने भी साथ दिया तो वो अंजाम भुगतने को तैयार रहे। वीडियो में साथ देने वाले को सरेआम गोली मारकर धुआं निकालने की धमकी दे रहा है। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो कस्बा के ही सदाकत का है जो इस समय दुबई में रह रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।