खंदावली से पशु चोरी कर ले जा रहे थे आरोपी, तीन गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। गांव खंदावली से पशु चोरी कर ले जा रहे पशु चोरों के गिरोह से बृहस्पतिवार रात खरखौदा पुलिस की मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दो पशु चोर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने क्षेत्र में पशु चोरी की कई घटना करना स्वीकार किया है।
बृहस्पतिवार रात खरखौदा पुलिस को सूचना मिली कि गांव खंदावली निवासी यामीन पुत्र जमीलुद्दीन के मकान से चोरों ने एक भैंस चोरी कर ली। घटना की सूचना पाकर पुलिस खंदावली की ओर रवाना हुई। जंगल में कुछ लोग भैंस ले जाते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। चोरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग की गई।पैर में गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों की तलाशी ली। दोनों घायलों के पास से तमंचे मिले। घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम तसब्बर उर्फ बल्लू निवासी कायस्थवाड़ा थाना किठौर, दूसरे घायल ने अपना नाम अनिल उर्फ राजू निवासी गून गेझा मोहिउद्दीनपुर थाना परतापुर तथा तीसरे आरोपी ने अपना नाम इस्लाम उर्फ फम्मन निवासी 13 बिस्वा तोड़ी, थाना भोजपुर गाजियाबाद बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह लोग गांव-गांव घूम कर पशु चोरी करते हैं। उन्होंने दो माह पूर्व भी क्षेत्र के गांव उलधन से एक भैंस चोरी की थी तथा 10 दिन पहले गांव खंदावली से भी एक भैंसा चोरी किया था। तीनों शातिर अपराधी हैं तथा मेरठ सहित अन्य जिलों में भी तीनों पर कई अपराध दर्ज हैं। आरोपी तसब्बर थाना किठौर से गैंगस्टर है तथा मेरठ, हापुड़ व गाजियाबाद के कई थानों में 27 मुकदमे, अनिल पर 10 व इस्लाम पर आठ मुकदमे दर्ज हैं। घायल एक आरोपी जिला अस्पताल व एक आरोपी मेडिकल में भर्ती है।
वर्जन....
आरोपी खरखौदा सहित क्षेत्र के अन्य थाना क्षेत्रों में कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। बृहस्पतिवार रात खरखौदा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो मुठभेड़ हो गई। इसमें दो आरोपी घायल हो गए। -प्रमोद कुमार सिंह, सीओ, किठौर
खरखौदा में कोई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल पशु चोर(पुलिस)