परतापुर फाइल 3
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास बृहस्पतिवार रात दो कार टकराने के बाद दिल्ली रोड़ पर जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि एक ऑटो मोबाइल शोरूम के कर्मचारियों ने अपनी मां के साथ जा रहे कार सवार युवक की सड़क पर दौडाकर पिटाई की। इस दौरान बीच बचाव में आई उसकी मां के गले से हमलावरों ने सोने की चेन लूट ली।
भूड़बराल निवासी दीपक विकल मोदीनगर के ऑटोमोबाइल शोरूम में सेल्स एक्जीक्यूटिव हैं। बृहस्पतिवार शाम दीपक अपनी मां के साथ बिजली बंबा बाईपास की ओर से भूड़बराल लौट रहे थे। शताब्दीनगर मैट्रो स्टेशन के नीचे एक ऑटोमोबाइल शोरूम में कार लेकर जा रहे एक युवक ने दीपक की कार में टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने शोरूम में फोन करके आधा दर्जन साथियों को बुला लिया और दीपक पर हमला कर दिया। आरोपी युवकों ने दीपक की दिल्ली रोड़ पर दौडाकर पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव में आई उसकी मां से भी युवकों ने अभद्रता की। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान दीपक की मां के गले से साढ़े तीन तोले की सोने की चेन लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। पिटाई में दीपक चोटिल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।