-पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाने पर एक युवक ने आरोपी असजद पर 12 अक्तूबर को उसकी बहन व परिवार की महिलाओं के फोटो गलत तरह से एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप लगाया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पर केस दर्ज कर दिया।
मजीद नगर निवासी एक युवक ने बुधवार को थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि रुडकी निवासी आरोपी असजद काफी समय से उसकी बहन व परिवार की महिलाओं को फोन कर परेशान कर रहा है। आरोपी फोन पर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करता है। आरोपी का नंबर ब्लैकलिस्ट में डालने पर नए-नए नंबर से कॉल करता है। दो महीने पूर्व उसके भतीजे का अपहरण करने का प्रयास किया था। आरोप है कि 12 अक्तूबर को आरोपी ने उसकी बहन व महिलाओं के फोटो को गलत तरह से एडिट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वायरल पोस्ट परिजनों के पास पहुंचा। एडिट फोटो देखकर परिजन परेशान हो गए। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर दिया गया है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।