मवाना। गांव खेडकी जदीद निवासी गौरव ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह 11:45 बजे अपने भाई निशांत के साथ बाइक से मवाना जा रहा था। रास्ते में गांव निवासी सात लोगों ने गाली गलौज करते हुए रास्ता रोक लिया। सभी लाठी डंडों व तमंचे से लैस थे। एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया जिसमें वह बाल-बाल बचा। सभी ने एक राय होकर उसे व उसके भाई को घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी भेज दिया। गंभीर अवस्था में घायल होने के कारण गौरव को मेरठ रेफर कर दिया।
खेत में किसान पर हमला, घायल
मवाना। गांव देदूपुर निवासी अंशुल भडाना ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसके चाचा सूरज के साथ 10 फरवरी को गांव के ही पिता-पुत्र ने हमला कर घायल कर दिया था। सूरज को गंभीर चोट आने के कारण मेरठ रेफर कर दिया था। पिता-पुत्र के खिलाफ सूरज ने तहरीर दी थी। पुलिस ने मोतीराम व सुंदर के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की थी। एसडीएम के यहां से दोनों को जमानत दे दी थी। जमानत पर एसडीएम कोर्ट में विरोध दर्ज कराते हुए दोबारा हमले की आशंका जताई थी। बुधवार को सुबह 8:00 बजे वह खेत पर काम करने जा रहा था तो पांच आरोपियों ने फरसे, तमंचे, लाठी डंडों से लैस होकर हमला किया। वह जान बचाने के लिए टयूबवेल के कमरे में घुस गया। वहां से खींचकर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीएचसी में भर्ती कराया जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया।