गोकशी के प्रयास में दो गिरफ्तार, सात फरार
सरधना/मवाना। तहसील क्षेत्र में मंगलवार रात पुलिस ने छापा मारकर दो अलग-अलग जगह गोकशी के प्रयास में दो लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं उनके सात साथी फरार हो गए। आरोपियों के पास से पशु काटने के औजार और गोवंश बरामद हुए हैं।
सरधना में नंगला आर्डर रोड स्थित बाग में मंगलवार रात पुलिस ने एक युवक को गोवंश के साथ हिरासत में लिया। उसके चार साथी मौके से फरार हो गये। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोवंश काटने के लिए ले जा रहे थे। मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नंगला आर्डर रोड स्थित आम के बाग में छापा मारा गया। वहां कुछ लोग एक गाय गोकशी के लिए ले जा रहे थे। उनके पास पशु काटने के उपकरण भी थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मोहल्ला घोसियान निवासी जमीरुद्दीन पुत्र बुंदू को दबोच लिया। उसके चार साथी अकबर पुत्र याशीन, शाहिद अली पुत्र तहफीक, भूल्लन पुत्र असलम और धाबू फरार हो गये। पुुलिस ने जमीरुद्दीन को जेल भेज दिया। संवाद
वहीं मवाना के गांव बहोडूपुर के जंगल में गोकशी का प्रयास कर रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मखदूमपुर नहर पुल के पास छापा मारा। यहां कुछ लोग गोवंश को काटने की तैयारी में थे। पुलिस को देखते ही तीन लोग मौके से फरार हो गए। एक व्यक्ति को पुलिस ने दबोच लिया। उसकी पहचान सलमान पुत्र कामिल निवासी बहोडूपुर के रूप में हुई। फरार लोगों में सादिक उर्फ अटल पुत्र अमीर हसन निवासी सठला, अमजद और एक अज्ञात है। मौके से दो छुरे, एक रस्सा, बंधा हुआ बछड़ा बरामद हुआ। मामले में दरोगा झम्मन सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।