घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना (मेरठ)। अधिवक्ता के ससुर को शिकार बनाकर नकदी और सोने की अंगूठी लूटने वाले जहर खुरानी गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक लाख रुपये नकद, पिट्ठू बैग, आधार कार्ड, पासबुक, दो बैंकों की चेकबुक बरामद की है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि प्रीतनगर काॅलोनी निवासी अधिवक्ता इंदीवर सिंह ने थाने पर सूचना दी थी कि उनके ससुर सुरेंद्र सिंह (71) निवासी नरेला दिल्ली 17 फरवरी को दोपहर के समय मवाना से रोडवेज बस में सवार होकर दिल्ली के लिए निकले थे लेकिन घर नहीं पहुंचे। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद थाना पुलिस और स्वाॅट टीम ने कार्रवाई करते हुए तलाश शुरू की थी। गुमशुदा सुरेंद्र दिल्ली में एलएनजेपी अस्पताल में बेहोशी की हालत में भर्ती मिले।
होश में आने पर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मवाना से दिल्ली जाते समय बस में ही चार अज्ञात लोगों ने उनको बिस्किट खिलाया और पानी पिलाकर बेहोश कर दिया। आरोपियों ने उनका काले रंग का बैग चाेरी लिया और भाग गए। बैग में उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेकबुक, पासबुक, शस्त्र लाइसेंस की बुक, चालक लाइसेंस, मोबाइल, जेब में रखे 50 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।
आरोपियों की तलाश में लगी पुलिस ने सूचना के आधार पर जहर खुरानी गिरोह के चार आरोपियों में से दो मोनिश निवासी खिवाई थाना सरूपुर और गुलजार निवासी जौला थाना बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर को मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लाख रुपये नकद, काला पिट्ठू बैग, आधार कार्ड, पासबुक, यूको बैंक व करुर वैश्य बैंक की चेकबुक बरामद कर कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया। आरोपियों ने बताया कि सुरेंद्र सिंह के मोबाइल के माध्यम से करूर वैश्य बैंक से पांच हजार रुपये और यूको बैंक से 50 हजार रुपये की दो ट्रांजेक्शन की। घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।