मेडिकल कॉलेज थाना क्षेत्र के सराय काजी निवासी तुषार (22) का शव शुक्रवार सुबह भावनपुर थाना क्षेत्र के राली चौहान-गेसूपुर मार्ग पर काली नदी के पास मिला था। उसकी बाईं आंख में गोली लगी थी।
शव के पास ही तमंचा भी पड़ा मिला। मौके से स्कूटी, उसमें काजल का मोबाइल फोन मिला था। मृतक की मां बबीता ने कॉलोनी में रहने वाली युवती काजल उसके भाई अंकित, बहन कंचन और अंकित के दोस्त मोनू के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
भावनपुर पुलिस ने दो दिन तक उन्हें हिरासत में रखने के बाद ठोस सबूत नहीं मिलने पर पूछताछ के बाद नोटिस तामील कराकर छोड़ दिया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि रंगाई पुताई करने का काम करने वाला तुषार का कॉलोनी की युवती काजल से प्रेमप्रसंग चल रहा था। तुषार दो साल पहले उसे लेकर चला गया था। युवती के पिता राजू ने तुषार को नामजद करते हुए मेडिकल थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह जेल गया था। बाद में जमानत पर बाहर आ गया था। अब मुकदमा कोर्ट में चल रहा है।
बीते दो माह से तुषार अपनी बड़ी बहन ब्रह्मपुरी निवासी प्राची के पास रह रहा था। बृहस्पतिवार को इस मामले में तुषार की कोर्ट में तारीख थी। शाम को तुषार युवती को लेकर ब्रह्मपुरी और शॉप्रिक्स मॉल पहुंचा था। जहां से तुषार युवती की स्कूटी और मोबाइल लेकर भाग गया। इसकी सूचना युवती ने ब्रह्मपुरी थाने पर दी थी। शुक्रवार सुबह काली नदी के पास उसका शव पड़ा मिला।
आज मिलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
पुलिस ने तुषार के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस ने पंचनामे में यह भी लिखा कि तुषार के दायं हाथ में यदि बारुद लगा है या जला है तो उसकी फोरेसिंक जांच कराए। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार यानि आज पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलेगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि हत्या के अभी ठोस सबूत नहीं मिले हैं। तमाम साक्ष्य फोरेंसिक जांच को भेजे जाएंगे। फोरेंसिक एक्सपर्ट से रिपोर्ट मांगी जाएगी। सीडीआर, लॉकेशन, सीसीटीवी कैमरे आदि की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट इस केस में अह्म होंगे। पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर इसका खुलासा करेगी।