गाजियाबाद के ध्यानार्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला(मेरठ)। नंगली तीर्थ से शनिवार देर रात लौट रहे श्रद्धालुओं के दौराला फ्लाईओवर पर खड़े ट्रैक्टर ट्रॉली में ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। घायलों को पुलिस ने सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। उपचार के बाद सभी श्रद्धालु बिना शिकायत दर्ज कराए लौट गए।
मढ़ैया तल्हैटा थाना भोजपुर गाजियाबाद निवासी प्रशांत अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में गांव के ही नीतीशा, बबीता, निशांत, यश, कुसुम, मुकेश, मोंटी, परविंदर, वीर सिंह, सुरेश, कालू, सचिन, अन्नू, वेद को लेकर नगली तीर्थ गया था। शनिवार रात वापस लौटने के दौरान वह दौराला फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर खड़े थे। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उनके ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला में उपचार दिलाया। पुलिस ने ट्रक चालक पंच गांव गढ़ रोड निवासी लोकेश को पकड़ लिया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। उपचार के बाद सभी श्रद्धालु वापस लौट गए। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि शिकायत आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-