मेरठ। लोहियानगर क्षेत्र में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर शुक्रवार रात करीब 12 बजे फफूंडा गांव के सामने ट्रक चालक फाजिल (21) और परिचालक मुर्सलीन (35) की कार से कुचलकर मौत हो गई। दोनों टायर में आग लगने पर ट्रक से नीचे उतरे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। आरोपी कार मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार में कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मुंडाली क्षेत्र के गांव जसौरा निवासी फाजिल ट्रक चालक था। शुक्रवार रात वह गांव सफियाबाद लोटी निवासी परिचालक मुर्सलीन के साथ ट्रक में मक्का के बोरे लेकर हरियाणा जा रहा था। फफूंडा गांव के सामने ट्रक के टायर में अचानक आग लग गई। ट्रक रोककर फाजिल और मुर्सलीन नीचे उतरे और आग बुझाने लगे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गई। फाजिल की मौके पर ही मौत हो गई।
मुर्सलीन को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक को तलाश किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।