सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा के बाहरी छोर पर धान की पुआल से लदी ट्राॅली में अचानक से आग लग गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक पुआल से लदी ट्राॅली जल गई।
कस्बा हर्रा निवासी कामयाब हरियाणा व पंजाब से धान की पुआल लाकर कस्बा में बेचता है। बृहस्पतिवार रात उसने हर्रा के बाहरी छोर पर ट्राॅली खड़ी की थी। कुछ देर बाद पुआल में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक पुआल व ट्राॅली जल गई। पीड़ित ने समय रहते ट्रैक्टर को ट्राॅली से अलग कर दिया। वरना पीड़ित को लाखों का नुकसान हो सकता था। पीड़ित ने बताया कि उसे करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि पुआल में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।