मेडिकल कालेज में दीक्षांत समारोह में बेस्ट डाक्टयूमेंट्री अवार्ड देकर छात्र छात्रा को सम्मानित
लोहियानगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड पर देशभक्ति के नाम पर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। कुछ युवक थार वाहन की छत पर खड़े होकर रंगबाजी करते नजर आए, जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में तिरंगा है, जबकि दूसरे हाथ में सिगरेट दिखाई दे रही है। एक अन्य युवक पूरे घटनाक्रम की रील बनाता हुआ नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 26 जनवरी का है। वीडियो में थार को सड़क के बीच खड़ा कर तेज आवाज में देशभक्ति गीत बजाए जा रहे हैं और युवक वाहन की छत पर खड़े होकर सिगरेट पीते व रील बनवाते दिख रहे हैं। इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन थार सवारों से बचते हुए निकलते दिखाई दिए। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि थार के नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज और सार्वजनिक सड़क का इस तरह दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।