संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन की ओर से स्पोर्ट्स फॉर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें 18 मंडल के 75 जिलों से क्रिकेटरों का चयन किया जाएगा। इसमें मेरठ और सहारनपुर मंडल से एक टीम वेस्ट यूपी का चयन किया जाएगा। इसके लिए मेरठ में आज से ट्रायल प्रक्रिया शुरू हो रही है। ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में अंडर 14 और अंडर 17 में ट्रायल दोपहर 2:30 बजे से शुरू होंगे।
स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश से आठ टीम वेस्ट यूपी, पूर्वांचल पैंथर, रुहेलखंड रोयल्स, अवध लायंस, बंदेलखंड टाइगर, ब्रज केसरिया, संगम सुपरकिंग्स, सरयू स्ट्राइकर्स की टीम प्रतिभाग करेंगी। इसके लिए सभी जिलों में ट्रायल होंगे। टूर्नामेंट 3 से 10 अक्तूबर तक खेला जाएगा। पहले ट्रायल मेरठ में बृहस्पतिवार को आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें अंडर 14, अंडर 17 का ट्रायल होगा। जिन खिलाड़ियों ने स्पोर्ट्स फॉर स्कूल फेडरेशन का ट्रायल का फॉर्म भरा है वह अपना फॉर्म लेकर ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में पहुंचकर ट्रायल प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह से निशुल्क रहेंगी। जिन खिलाड़ियों के फॉर्म नहीं भरे गए हैं वह Www.sportsforschool.in पर फॉर्म भरके अपना आवेदन फॉर्म लेकर ट्रायल प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। ट्रायल प्रक्रिया में अभी तक 100 से अधिक युवा क्रिकेटर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यह ट्रायल दो दिन बृहस्पतिवार और शुक्रवार को रहेंगे। इस दौरान खिलाड़ियों की संख्या और भी बढ़ सकती है।