दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के डासना से मेरठ तक के खंड पर अगले सप्ताह से शुल्क लेने की तैयारी चल रही है। इसके लिए केंद्रीय परिवहन मंत्रालय से जुड़े अधिकारी सोमवार को निरीक्षण करेंगे। मंत्रालय से निरीक्षण की सूचना एनएचएआई को दी है। हालांकि, निरीक्षण की सूचना पर एनएचएआई अधिकारी कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
केंद्रीय परिवहन मंत्रालय की टीम डासना से मेरठ तक के सफर का सेफ्टी ऑडिट करेगी। इसके बाद वह रिपोर्ट केंद्रीय मंत्रालय भेजेगी। निरीक्षण के दो-तीन दिन में शुल्क प्लाजा को शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई और जीआर इंफ्रा के अधिकारी कई बार शुल्क प्लाजा पर लगी मशीनों का ट्रायल कर चुके हैं। वाहनों की रफ़्तार पर अंकुश लगाने के लिए लगाए गए कैमरों का ट्रायल हो चुका है।
केंद्रीय मंत्रालय से आने वाले अधिकारियों की टीम की सूचना मिलने के बाद एनएचएआई अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। उन्होंने जीआर इंफ्रा के अधिकारियों को जल्द सभी अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लगाए जाने वाले शुल्क की फाइल मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। एक अप्रैल से एक्सप्रेसवे पर वाहन चल रहे हैं। अब अधिकारियों द्वारा ओके रिपोर्ट देने के बाद ही शुल्क वसूली की जाएगी।
शुल्क प्लाजा पर रंबल स्ट्रीप लगाकर तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। अगले सप्ताह से एक्सप्रेसवे पर वाहनों से शुल्क लिया जाने की संभावना हैं। निरीक्षण के बाद मंत्रालय से शुल्क की दरें तय कर एनएचएआई को बता दी जाएगी।