शादी से तीन दिन पहले युवक ने रिश्ता तोड़ दिया। यही नहीं, जिस युवती से शादी होनी थी उसके फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता ने शादी के कार्ड दिखाते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरधना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की मंगनी छह माह पूर्व हापुड़ के गणेशपुरा निवासी सचिन के साथ हुई थी। नौ जून को बारात आनी थी। वधू पक्ष ने शादी के कार्ड बंटवा दिए थे। इस बीच सोमवार रात युवती के परिजनों के पास हापुड़ से रिश्तेदारों ने फोन कर बताया कि सचिन ने किसी अन्य युवती से मंगनी कर ली है।
वहीं नाराज युवती के परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि आरोपी ने दहेज के लिए रिश्ता तोड़कर किसी अन्य युवती से मंगनी कर ली है। पीड़ित परिवार ने बताया कि शादी की सभी तैयारी पूरी कर ली थी। रिश्ता तोड़कर उनकी बेटी को बदनाम करने के लिए फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए हैं।