अमर उजाला....यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा एड्स दिवस के मौके पर निकाली गयी जागरूकता पद
मेरठ। एड्स के प्रति जागरूकता जगाने की अनोखी मुहिम ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट नगर का माहौल बदल दिया। उत्तर प्रदेश मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा निकाली गई यह विशेष पदयात्रा हर किसी का ध्यान खींचती दिखी। मेरठ जोन अध्यक्ष अमरजीत सिंह पिंकी चिन्योटी खुद लोहे की बेड़ियों में जकड़कर निकले। यह प्रतीक था एड्स से जुड़ी सामाजिक जंजीरों और भ्रांतियों को तोड़ने का। उनके साथ दर्जनों चालक व परिचालक संदेश भरी तख्तियां उठाए कदमताल करते चले।
एड्स से डरें नहीं, जागरूक रहें, बचाव ही उपचार है जैसे नारों से ट्रांसपोर्ट नगर से लेकर आसपास का पूरा इलाका गूंज उठा। पदयात्रा ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य गेट से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस पहुंची। रास्ते में ट्रांसपोर्टरों ने राहगीरों को रोका और सुरक्षित यौन व्यवहार, सुरक्षा का इस्तेमाल और एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी दी।
पदयात्रा में अध्यक्ष अमरजीत पिंकी चिन्योटी ने कहा ट्रांसपोर्टर 24 घंटे देश की सेवा में लगा रहता है। भूकंप हो, बाढ़ हो या कोरोना काल सबसे आगे ट्रक चालक ही खड़े दिखते हैं। लेकिन लंबी दूरी की यात्राओं में कई बार जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए हम अपने साथियों और समाज को यही संदेश देना चाहते हैं कि जागरूकता ही एड्स से बचाव की सबसे बड़ी ढाल है।
संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी पंकज अनेजा ने कहा कि जागरूकता ही रोकथाम की सबसे बड़ी कुंजी है। ट्रांसपोर्टर समीर कोहली ने कहा कि सुरक्षित व्यवहार अपनाकर हम खुद भी सुरक्षित रहें और समाज को भी सुरक्षित रखें। इस अवसर पर पंकज अनेजा, समीर कोहली, अंगद चावला, दीपांशु चिन्योटी, राजीव शर्मा, यामीन खान, धीरू चौधरी, रोहित, मयंक मक्कड़ रहे।