रोहटा। थाना क्षेत्र के डूंगर गांव में रविवार रात ऊर्जा निगम का एक ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। चोर ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर उसके अंदर का कीमती सामान ले गए। इस घटना से गांव की लगभग आधी आबादी की बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
यह ट्रांसफार्मर पूठ संपर्क मार्ग पर आबादी के नजदीक सचिन जाटव के मकान के पास लगा था। सोमवार सुबह ग्रामीणों को ट्रांसफार्मर चोरी होने का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल की।
ग्रामीणों ने चोरी की इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने की अपील भी की। अवर अभियंता देवेंद्र यादव ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।