मेरठ। दिल्ली रोड पर ट्रैफिक के हालात एक बार फिर बेकाबू होने लगे हैं। मेवला फ्लाईओवर से शहर में आने वाले वाहन रूट डायवर्जन का उल्लंघन कर गलत दिशा से आगे बढ़ रहे हैं। इस कारण लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ रहा है। वहीं व्यवस्था संभालने के लिए लगाए गए पुलिसकर्मी भी इन वाहनों पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं।
रैपिड रेल के निर्माण कार्य को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया था। उद्देश्य यही था कि ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो और वाहनों का आवागमन आसान रहे, लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। दिल्ली और बागपत रोड पर लगातार जाम लग रहा है। लोग परेशान हैं और अफसर एयर कंडीशन रूम से बाहर निकलने को तैयार नहीं है। बृहस्पतिवार को डीजीपी मुकुल गोयल शहर में रहे। दिल्ली रोड के जाम को लेकर लगातार सेट पर निर्देश जारी हो रहे थे। मेवला फ्लाई ओवर से शहर के भीतर आ रहे वाहनों की भीड़ जैसे ही गलत दिशा से बागपत अड्डे की ओर बढ़ी हड़कंप मच गया। पुलिस को लगाकर कुछ समय के लिए व्यवस्था सुधारी गई, लेकिन डीजीपी के जाते ही अव्यवस्था फिर हावी हो गई।
अतिक्रमण भी मुसीबत
दिल्ली रोड पर एक तरफ का रूट पूरी तरह बंद है। दूसरी तरफ दोनों दिशा में वाहन चल रहे हैं। बीच में कई जगह फल सहित कई तरह के ठेले लगे हैं जो जाम का कारण भी बने हुए हैं। यदि कोई वाहन चालक ठेला मालिक से रास्ता छोड़ने के लिए टोकता है तो ये अभद्रता पर उतर जाते हैं। माधवपुरम की तरफ जाने वाले कई रास्तों के बाहर ऐसी ही स्थिति बनी है।