बिजली बंबा बाईपास पर जुर्रानपुर फाटक की मरम्मत के चलते आज सुबह आठ बजे से 24 घंटे के लिए वाहनों का आवागमन बंद रहेगा, इससे शहर में जाम की समस्या बन सकती है। ऐसे में संभलकर निकलें और समय से निकलें। सबसे ज्यादा वाहनों का दबाव हापुड़ रोड और दिल्ली रोड पर रहेगा। ट्रैफिक पुलिस की सभी जरूरी स्थानों पर ड्यूटी लगा दी गई है। कहीं भी वाहन न रुकने देने के निर्देश दिए गए हैं।
बुलंदशहर और हापुड़ की तरफ से आने वाले ऐसे वाहन जो बिजली बंबा बाईपास से दिल्ली रोड की तरफ जाते हैं, तो ऐसे वाहन शहर से हापुड़ अड्डा चौराहे से शहर से दिल्ली रोड की तरफ जा सकेंगे। दिल्ली रोड से ऐसे वाहन जिन्हें हापुड़ रोड की तरफ जाना है ऐसे वाहन घंटाघर की तरफ से जा सकेंगे।
यहां बन सकती है समस्या
हापुड़ रोड, बिजली बंबा पुलिस चौकी, एल ब्लॉक तिराहा शास्त्रीनगर, पीवीएस रोड, तेजगढ़ी चौराहा, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय रोड, कमिश्नरी आवास चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा, इंदिरा चौक, बुढ़ाना गेट, घंटाघर, रेलवे रोड चौराहा, बागपत अड्डा चौराहा, दिल्ली चुंगी, ट्रांसपोर्ट नगर शॉप्रिक्स तिराहा, रिठानी और परतापुर में जाम की समस्या बन सकती है।
मोहिउद्दीनपुर खरखौदा मार्ग
हापुड़ व खरखौदा की तरफ से आने वाले वाहन जिन्हें दिल्ली रोड पर जाना है ऐसे वाहन खरखौदा मोहिउद्दीनपुर मार्ग से भी जा सकते हैं। इस मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या बन सकती है। वहीं, मोहिउद्दीनपुर से खरखौदा मार्ग की तरफ भी वाहन जा सकते हैं।
किसी परेशानी पर यहां करें कॉल
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है कि जिनका बिजली बंबा बाईपास से आना-जाना रहता है, वह समय से घर से निकलें और वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें। यदि जाम की समस्या बनती है तो ट्रैफिक कंट्रोल रूम के 9454404000 नंबर या कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। कहीं भी यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचेगी।