मेरठ। शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में व्यापारियों का अनिश्चितकालीन बंद तीसरे दिन मंगलवार को सुबह से शुरू हो गया। व्यापारियों ने बाजार में शांति मार्च निकाला। रविवार को व्यापारियों ने 661/6 के ध्वस्तीकरण के बाद अन्य 31 भूखंड पर बनाई गई 90 दुकानों के ध्वस्तीकरण के खिलाफ बाजार बंद कर दिया था। पुलिस से भी नोकझोंक हुई थी। मंगलवार शाम को सांसद अरुण गोविल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने व्यापारियों के बीच पहुंचकर आश्वासन देकर बाजार खुलवा दिया।
सेंट्रल मार्केट के व्यापारी सुबह धरनास्थल पर इकट्ठा हुए। आपसी एकजुटता का आह्वान किया गया और शांति मार्च निकाला। व्यापारियों ने हाथ में व्यापार बचाओ आंदोलन का बैनर लेकर सेक्टर-2 से शांति मार्च निकाला और नारेबाजी की। इस दौरान एआईएमआईएम ने भी अपना समर्थन एआईएमआईएम कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगवाए। भाजपा नेताओं के खिलाफ भी नारेबाजी हुई। सभी ने व्यापारी एकजुटता का आह्वान करते हुए धरना स्थल पर व्यापारियों की संख्या बढ़ाने को कहा। इसी के साथ इसे सेंट्रल मार्केट की लड़ाई न बताकर पूरे शहर की लड़ाई बनाने को कहा।
धरने में काफी संख्या में महिलाएं और युवा व्यापारी भी शामिल हुए। जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाएं, व्यापारी और युवा सड़क पर बैठ गए। भाजपाई और जनप्रतिनिधियों पर साथ न देने का भी आरोप लगाया। महिलाएं और युवाओं ने धरना स्थल पर जोशीले भाषण से ऊर्जा का संचार किया। इस मौके पर बिजेंद्र अग्रवाल, नवीन गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल अट्टू, सतीश गर्ग, नरेंद्र राष्ट्रवादी, संजीव पुंडीर, संजीव रस्तोगी, प्रशांत कौशिक, अंकित गुप्ता मनु, राहुल मलिक आदि मौजूद रहे।