मेरठ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष में एक नवंबर से घर-घर संपर्क अभियान शुरू हो रहा है। मेरठ में पूर्व और पश्चिम महानगर के 32 नगरों की 200 से अधिक बस्तियों में संघ स्वयंसेवकों की टोलियों का गठन होगा। अभियान के लिए मेरठ से संघ के अखिल भारतीय पदाधिकारियों के दौरे की मांग की जा रही है। आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के मेरठ आने की संभावना है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ स्थापना के शताब्दी वर्ष में वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की सूची जारी की जा चुकी है। इसमें विजयदशमी और उसके आसपास संघ द्वारा पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। अब एक से 30 नवंबर तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें संघ की टोलियां प्रत्येक बस्ती में घर-घर जाकर संघ की गतिविधियों की जानकारी देगी। एक बस्ती में 10 से 12 टोलियां बनेगी। एक टोली में कम से कम तीन सदस्य होंगे। घर-घर में एक पुस्तक नि:शुल्क परिवार को दी जाएगी और एक 20 रुपये मूल्य की पुस्तक लेने का भी आग्रह किया जाएगा। आपदाओं के दौरान संघ की भूमिका के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के यहां जाएंगे बड़े पदाधिकारी
संघ के प्रचार विभाग के अनुसार, शहर में आम आदमी से लेकर प्रबुद्ध वर्ग तक संघ की टोलियां पहुंचेगी। इसमें प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के यहां प्रांत स्तर से लेकर क्षेत्रीय और अखिल भारतीय स्तर के पदाधिकारी जाएंगे। मेरठ प्रांत से अखिल भारतीय पदाधिकारियों को बुलाने की मांग की गई है। सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के मेरठ आने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, सह सरकार्यवाह अरुण कुमार भी मेरठ का दौरा कर सकते हैं।
मेरठ प्रांत में संघ कार्य (2025)
जिले : 28
खंड : 133
मंडल : 991
नगर : 201
शाखा : 4212
सेवा बस्ती : 841