विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता से मिलता संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल। (स्त्रोत
मवाना। व्यापारी समाधान दिवस में सोमवार को संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल अधिशासी अभियंता से मिला।
प्रतिनिधि मंडल ने एक्सईएन सतीश चंद्र को बताया कि समाधान दिवस पर दी गई समस्याओं का निस्तारण नहीं हो रहा है। बताया कि प्रबंध निदेशक द्वारा माह के तीसरे सोमवार को अधिशासी अभियंता को अपने कार्यालय में व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कराना होगा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की उपस्थिति के लिए एक रजिस्टर बनाना होगा। अधिशासी अभियंता सतीश चंद्र ने उपखंड अधिकारी भानु प्रताप कुशवाहा एवं मुख्य लिपिक अनुराग को बुलाया और तुरंत फाइल जिसमें समस्याओं से संबंधित रजिस्टर निकलवाकर हस्ताक्षर कराए।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाते समय उपभोक्ताओं के साथ धांधली हो रही है। स्मार्ट मीटर सरकार द्वारा तय किए गए मानकों के अनुसार नहीं है जो मीटर लगाए जा रहे हैं उनमें से कुछ स्थान जैसे भरत एन्क्लेव, नालंदा कॉलोनी आदि में मीटर पर अभी तक सील नहीं लगी है। मीटर में आर्मंड केबिल लगाना जरूरी है, परन्तु मोहल्ला तिहाई, गोल मार्केट, मुन्नालाल बाजार आदि स्थानों पर स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के पुराने केबिल पर ही लगा दिए हैं। अधिशासी अभियंता ने स्मार्ट मीटर लगाने वाले नवीन कुमार को बुलाकर जल्द ही स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायत निस्तारण करने के आदेश दिए। इस दौरान शैवाल दुबलिश, मांगेराम मित्तल, नदीम, राजबीर चौधरी, सोनू सूर्या आदि मौजूद रहे। संवाद