दौराला। वलीदपुर स्थित शिवा ढाबे पर सोमवार देर शाम रूकी टूरिस्ट बस में सवार गुजरात निवासी वृद्ध धनसुख रमनभाई मंसुरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि गुजरात निवासी 70 वर्षीय धनसुख रमनभाई मंसुरिया अपने बेटे दीपक भाई मंसुरिया, दामाद दिनेकुमार रतिलाल कंसार, भाई प्रकाश, रिश्तेदार जिग्नेश, रमेश मंसुरिया और परिवार के साथ टूरिस्ट बस से हरिद्वार जा रहे थे। वलीदपुर के पास स्थित शिवा ढाबे पर चालक ने चाय पानी के लिए बस रोकी। सभी लोग बस से उतर गए, लेकिन धनसुख रमन भाई मंसुरिया बस में सीट पर ही बैठे रहे। परिजनों ने आकर देखा तो वह बेहोश थे। परिजन बेहोशी की हालत में उन्हें लेकर दौराला सीएचसी पहुंचे, जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने हार्ट अटैक से मौत होने की संभावना जताई।