संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। मेरठ-करनाल हाईवे पर भूनी फ्लाईओवर के पास सड़क पर पड़े मिट्टी के ढेर से टकराकर एक टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। गनीमत रही कि किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया।
चालक संजय मेरठ की ओर से एक टूरिस्ट बस लेकर शामली की तरफ जा रहा था। मंगलवार की सुबह करीब 4:00 बजे जैसे ही बस भूनी फ्लाईओवर पार कर आगे बढ़ी तो सड़क के बीच पड़े मिट्टी के ढेर से बस की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री घायल हो गए।
बताया गया कि किसी डंपर चालक ने लापरवाही बरतते हुए मिट्टी को सड़क पर ही पलट दिया था। सड़क के बीच मिट्टी का ढेर पड़ा होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही सड़क पर मिट्टी डालने वाले वाहन चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच कर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।