दौराला। कृषि विवि के वैज्ञानिक डॉ. आरएस सेंगर और डॉ. अशोक सिंह ने बुधवार को मंडौरा गांव में किसानों के खेतों पर पहुंचकर गन्ने की फसल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुरानी प्रजाति को 0238 में टॉप बोरर रोग मिला, जबकि नई प्रजाति में नहीं रोग मिला और उत्पादन भी अच्छा मिला।
डॉ. आरएस सेंगर, डॉ. अशोक सिंह आईपीएल चीनी मिल के अधिकारी जितेंद्र चौधरी के साथ किसानों के खेतों पर पहुंचे। गन्ना प्रजाति सीओ 0238, सीओएस 13235, सीओ 15023 की खड़ी फसल का निरीक्षण किया। अधिकांश किसानों की गन्ना प्रजाति सीओ 0238 की फसल में टॉप बोरर का प्रकोप मिला। दूसरी प्रजाति सीओएस 13235 में कोई कीट प्रभावित पौधा देखने को नहीं मिला।
मंडौरा गांव के किसानों के प्रक्षेत्र की गन्ने की फसल बुरी तरह से टॉप बोरर के कारण प्रभावित दिखाई दी। प्रभावित गन्ने की फसल में वजन भी कम मिला। भ्रमण के दौरान वैज्ञानिकों ने किसानों को कीटनाशकों का छिड़काव समय पर करने, मृदा परीक्षण कराने की सलाह दी। सर्वेक्षण के फाउंडर अधिकारी रमांशु ने बताया कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र की उत्पादकता को बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएं। किसानों के खेतों की मृदा की जांच कराई जाएगी। डॉ. आरएस सेंगर ने किसानों को को 0238 प्रजाति नहीं उगाने की सलाह दी।