संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज शेखपुरा खिचड़ा हापुड़ के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं का दल अध्ययन भ्रमण के लिए पहुंचा। ग्रामीण क्षेत्रों से आए इन छात्रों ने पहली बार किसी बड़े विश्वविद्यालय के माहौल को देखा और आधुनिक कृषि तकनीकों को समझा। ।
छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं एवं विभागों का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि यहां आकर उन्हें अत्याधुनिक कृषि तकनीक, शोध कार्यों और प्रयोगशालाओं के बारे में जानने का मौका मिला।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट निदेशक प्रो. आर.एस. सेंगर ने बताया कि छात्रों को बायोटेक्नोलॉजी कॉलेज की टिश्यू कल्चर लैब, नैनोपार्टिकल लैब, एनिमल बायोटेक्नोलॉजी लैब, सेल बायोलॉजी लैब, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फूड टेक्नोलॉजी कॉलेज एवं कृषि महाविद्यालय की विभिन्न उन्नत प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया।
इस दौरान अधिष्ठाता प्रो. रविंद्र कुमार, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. निलेश कपूर, डॉ. निधि सिंह, डॉ. रेखा दीक्षित सहित विश्वविद्यालय के अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।कॉलेज की ओर से टूर इंचार्ज कोमल, पुष्पेंद्र शुक्ला, समता, शिप्रा, कामिनी, नेहा, रेनू, पूजा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं भी साथ रहीं।