मेरठ। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा के बूथ नंबर आठ पर मंगलवार शाम टोलकर्मी रमेश यादव गाड़ी से भरे कंटेनर की चपेट में आ गया। इससे टोलकर्मी का पैर बुरी तरह कुचला गया। अन्य टोलकर्मियों ने गाड़ी से पीछा कर कंटेनर चालक को पकड़कर पिटाई की। बाद में पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया।
बलिया निवासी रमेश यादव काशी टोल प्लाजा पर काम करता है। मंगलवार शाम रमेश यादव बूथ नंबर आठ पर तैनात था। इसी दौरान गाड़ियां लेकर जा रहा कंटेनर टोल बूथ पर पहुंचा। यहां टोल देने के बाद जैसे ही चालक ने कंटेनर आगे बढ़ाया तो टोलकर्मी रमेश कंटेनर की चपेट में आ गया। टोल बूथ और कंटेनर के बीच में फंसकर टोलकर्मी का पैर कुचला गया। अन्य टोलकर्मियों ने कंटेनर चालक को रोकने के लिए आवाज लगाई। इसके बावजूद कंटेनर चालक आगे बढ़ता गया। हादसे का आभास होने पर कंटेनर चालक भागने लगा।
इसके बाद टोलकर्मियों ने गाड़ी से पीछाकर कंटेनर को पकड़ लिया। इसके बाद चालक को पीटकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चालक को टोलकर्मियों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। हादसे में घायल टोलकर्मी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। टोल मैनेजर श्याम सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। कार्यवाहक सीओ सौम्या अस्थाना का कहना है कि कंटेनर चेन्नई से गाड़ी लेकर देहरादून जा रहा था। चालक अनुज को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।