मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस और संबंद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में ओपन मेरिट से एडमिशन का आज अंतिम दिन है। तीन दिसंबर से पांच दिसंबर तक विवि ने ओपन रजिस्ट्रेशन और ओपन एडमिशन का मौका दिया है। पांच दिसंबर के बाद प्रवेश प्रक्रिया बंद हो जाएगी। वहीं, खेल ट्रायल वाले छात्र-छात्राएं आज से ऑफर लेटर डाउनलोड करने के बाद पांच दिसंबर तक एडमिशन ले सकते हैं।
विवि के प्रवेश समन्वयक प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बीएससी फिजिकल एजुकेशन, हेल्थ एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स पाठ्यक्रम में पंजीकृत तथा फिजिकल टेस्ट में पास हुए अभ्यर्थियों की वरीयता सूची बुधवार को जारी की जाएगी। इसके ऑफरलेटर भी आज से ही डाउनलोड होंगे। इसके बाद छात्र-छात्राएं बुधवार से पांच दिसंबर तक संबंधित कॉलेज में प्रवेश ले सकते हैं।
मंगलवार को महज 318 दाखिले हुए
स्नातक कोर्सों में मंगलवार को महज 318 छात्र-छात्राओं ने ही दाखिला लिया। विवि में अब तक 98245 दाखिले हो चुके हैं। अभी भी सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में एक लाख सीटें खाली हैं। वहीं, दूसरी तरफ एडेड और राजकीय कॉलेजों में दाखिला लेने वालों की संख्या इतनी अधिक है कि कई कॉलेजों में बीए तक में मेरिट 65 फीसदी से नीचे नहीं आ रही है।
अभी तक बीए में सबसे ज्यादा 44757 दाखिले हुए हैं। इनमें 17906 छात्र और 26851 छात्राएं हैं। इसके बाद बीकॉम में 14207 प्रवेश हुए हैं। सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में बीए-एलएलबी, बीबीए और बीसीए के अलावा अन्य कोर्सों की स्थिति अच्छी नहीं है।
लेटरल एंट्री के प्रवेश 11 दिसंबर तक
विवि के कॉलेजों में बीए में एकल विषय तथा लेटरल एंट्री से प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकृत अभ्यर्थी बुधवार से ऑफरलेटर डाउनलोड कर सकते हैं। इसमें दो से 11 दिसंबर तक प्रवेश होंगे।