संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। मेरठ रोड पर दुकान के सामने टाटा ऐश गाड़ी खड़ी करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दुकान मालिक ने गाड़ी के अगले दोनों टायर काट दिए। सुबह गाड़ी लेने पहुंचे संचालक को घटना का पता चला। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला कस्साबान निवासी सुऐब ने सरधना थाने पर दी तहरीर में बताया कि 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे उसने अपनी टाटा ऐश गाड़ी मेरठ रोड पर एक दुकान के सामने खड़ी की थी और घर चला गया। अगले दिन सुबह करीब छह बजे जब वह गाड़ी लेने पहुंचा तो उसके अगले दोनों टायर कटे हुए मिले। सुऐब का आरोप है कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर दुकान मालिक गाड़ी के टायर काटता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि घटना का विरोध करने पर दुकान मालिक ने उसके साथ गाली-गलौज की और भुगत लेने की धमकी दी। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।