सरधना में बाइक सवार तीन युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर मेडिकल स्टोर में लगाई आग
सरधना। नगर में अशोक स्तंभ मार्केट में पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित मेडिकल स्टोर में रविवार रात संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई। आग लगने का पता सोमवार सुबह को उस समय चला जब स्टोर संचालक स्टोर पर पहुंचा। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बाइक सवार तीन युवक पेट्रोल डालकर उसकी दुकान में आग लगाते हुए कैद हुए हैं। गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप धारण नहीं किया।
अशोक स्तंभ पुलिस चौकी के निकट मार्केट में हाजी शमसुद्दीन कुरैशी का मकान है। मकान के निचले हिस्से में दुकानें बनी हुई हैं। एक दुकान में हाजी शमसुद्दीन के बेटे हाजी शाहदीन का शिफा नाम से मेडिकल स्टोर है। शाहदीन ने सोमवार सुबह स्टोर खोला तो देखा कि किसी ने पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया था। जिससे स्टोर के अंदर कुछ सामान जल गया। गनीमत रही कि आग लगने के कुछ ही देर बाद खुद ही बुझ गई।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी विजयपाल सोलंकी मौके पर पहुंचे और जांच की। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक बाइक पर आते दिख रहे हैं। उक्त युवकों ने ही पेट्रोल डालकर दुकान में आग लगा दी। हाजी शमसुद्दीन ने आग लगाने वाले बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।